

स्थान : उत्तरक़ाशी
ब्यूरो रिपोर्ट


धामी सरकार जहां अपने कार्यकाल में जन-जन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, वहीं उत्तरकाशी जनपद के भाजपा युवा डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने भी एक नई और सराहनीय पहल की है। सुदूरवर्ती गाजणा पट्टी के 28 गांवों के ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए डुंडा ब्लॉक कार्यालय का कैंप कार्यालय गाजणा क्षेत्र में आयोजित किया गया।



इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए लगभग 50 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर ब्लॉक कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। धौंतरी स्थित वन विश्राम गृह में आयोजित इस कैंप कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और उन्होंने ब्लॉक प्रमुख के समक्ष अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याएं रखीं। ब्लॉक प्रमुख ने मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण किया, जबकि शेष समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।



कार्यक्रम के दौरान सौ से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। ग्रामीणों ने धौंतरी अस्पताल के उच्चीकरण, सड़कों की बदहाल स्थिति में सुधार, राशन कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतें, संचार सुविधाओं की कमी, भूस्खलन से आवासीय मकानों को हो रहे खतरे से सुरक्षा जैसी प्रमुख मांगें रखीं।


ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने बताया कि यह पहली बार है जब इस तरह का कैंप कार्यालय आयोजित किया गया है, जिसमें लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुना गया और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को हर स्तर पर निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि आगे भी हर माह विकासखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में कैंप कार्यालय लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।




