

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


धर्मनगरी हरिद्वार में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार सुबह से ही शहर पर कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठिठुरन बढ़ गई।



ठंड से बचने के लिए लोग चौक-चौराहों, बाजारों और गलियों में अलाव तापते नजर आए। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर से आए श्रद्धालुओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंगा घाटों और मंदिरों के आसपास भी श्रद्धालु ठंड से बचने के उपाय करते दिखे।




घने कोहरे का असर दिल्ली–हरिद्वार नेशनल हाईवे पर भी साफ नजर आया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।


मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरा बने रहने की संभावना जताई है। वहीं प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



