नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस को बड़ी राहत, ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान से इनकार

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस को बड़ी राहत, ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान से इनकार

ब्यूरो रिपोर्ट
स्थान : देहरादून

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस पार्टी को बड़ी राहत मिली है। विशेष अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दाखिल मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी चार्जशीट पर फिलहाल संज्ञान लेने से इनकार कर दिया है। अदालत के इस फैसले को कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है।

इस निर्णय के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी की लहर देखने को मिली। कांग्रेस नेताओं ने इसे संविधान, लोकतंत्र और सत्य की जीत बताया है। पार्टी का कहना है कि लंबे समय से राजनीतिक बदले की भावना के तहत की जा रही कार्रवाई पर अब न्यायालय ने स्पष्ट रुख अपनाया है।

वहीं उत्तराखंड कांग्रेस की प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में न्यायालय के निर्णय से यह साफ हो गया है कि केंद्र सरकार की कार्रवाई पूरी तरह से गैरकानूनी और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा न्यायपालिका पर भरोसा करती आई है और सच की जीत हुई है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह फैसला उन सभी आरोपों पर सवाल खड़ा करता है, जिनके जरिए विपक्षी दलों को दबाने की कोशिश की जा रही थी। वहीं ईडी की ओर से इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।