क्रिसमस और नव वर्ष पर नैनीताल में निर्बाध यातायात व्यवस्था के लिए SSP ने की महत्वपूर्ण गोष्ठी

क्रिसमस और नव वर्ष पर नैनीताल में निर्बाध यातायात व्यवस्था के लिए SSP ने की महत्वपूर्ण गोष्ठी

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

क्रिसमस, थर्टी फर्स्ट और नव वर्ष के अवसर पर नैनीताल जनपद में पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम और निर्बाध बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी में एसपी यातायात/क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कत्याल, एसपी संचार श्री रेवधर मठपाल सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी और यातायात प्रभारियों ने भाग लिया।

गोष्टि में लिए गए प्रमुख निर्णयों में बताया गया कि जनपद के बॉर्डर पर ही वाहनों के रूट तय किए जाएंगे और अलग-अलग रंग के रूट स्टीकर लगाए जाएंगे। वाहन निर्धारित रूट पर ही संचालित होंगे। 22 दिसंबर 2025 की रात से यातायात पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। हल्द्वानी, लालकुआं, भवाली और रामनगर से डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।

मुख्य प्वाइंट और बैरियर पर उप निरीक्षक रैंक के अधिकारियों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा, वहीं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों पर थाना/चौकी प्रभारी स्वयं तैनात रहेंगे। नैनीताल में पार्किंग पूरी होने पर शटल सेवा शुरू की जाएगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। कैंची धाम क्षेत्र के यातायात दबाव को कम करने हेतु भवाली सेनिटोरियम से शटल सेवा भी संचालित की जाएगी।

गडप्पू बैरियर सहित अन्य प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और चयनित बैरियरों पर डेस्टिनेशन आधारित रूट स्टीकर लगाए जाएंगे। मोबाइल पार्टियों द्वारा रूट पेट्रोलिंग और रूट क्लियरिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों और आमजनमानस को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा प्रदान करना और उन्हें बिना किसी असुविधा के उनके गंतव्य तक पहुंचाना है।

गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी रामनगर श्री सुमित कुमार पांडे, क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्री रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री गौरव किरार, निरीक्षक एलआईयू श्री ज्ञानेन्द्र कुमार शर्मा सहित अन्य थाना और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।