

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट


भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर विधायक अल्मोड़ा पर गलत जानकारी देकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर 2025 को विधायक अल्मोड़ा द्वारा प्रेस को दी गई जानकारी तथ्यहीन है और इससे जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया है।




बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि विधायक द्वारा कर्नाटक खोला–रैलापाली–सरकार की आली को जोड़ते हुए विकास भवन तक लिंक मोटर मार्ग की स्वीकृति और निर्माण का पूरा श्रेय स्वयं लेने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।


उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त लिंक मोटर मार्ग की स्वीकृति उनके लंबे संघर्ष और निरंतर प्रयासों के बाद प्राप्त हुई है। कर्नाटक ने कहा कि वर्षों से इस सड़क की मांग स्थानीय जनता कर रही थी और उन्होंने इस विषय को लगातार शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया।




पूर्व दर्जा मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर जनता को सही जानकारी देना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार से गलत तथ्य प्रस्तुत करना अनुचित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में विकास कार्यों को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न नहीं की जाएगी।


