सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में सेंट–सैनिटाइज़र फैक्ट्री में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियों से काबू

सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में सेंट–सैनिटाइज़र फैक्ट्री में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियों से काबू

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर क्षेत्र के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सेंट और सैनिटाइज़र बनाने वाली एक फैक्ट्री में दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग जयश्री बालाजी इंडस्ट्रीज नामक कंपनी में लगी, जहां रोज़ाना की तरह कर्मचारी काम कर रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे फैक्ट्री के एक हिस्से से उठी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। लेकिन फैक्ट्री परिसर में रखे केमिकल से भरे ड्रम फटने लगे, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई और दमकल कर्मियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विकासनगर और देहरादून से दमकल विभाग के कुल 12 फायर टेंडर मौके पर बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने आसपास स्थित अन्य फैक्ट्रियों की ओर से रास्ता बनाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया।

गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि फैक्ट्री के पास स्थित एक सीट कवर बनाने वाली इकाई और पीछे मौजूद आवासीय बस्ती को बामुश्किल बचाया जा सका। देर शाम तक दमकल कर्मियों द्वारा आग को पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी रहा।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।