

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन सीजन की शुरुआत हो चुकी है। आगामी दिनों में क्रिसमस, विंटर कार्निवाल, न्यू ईयर और बर्फ देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों के उत्तराखंड पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पुलिस प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती ड्रंकन ड्राइविंग और हुड़दंग को लेकर बनी हुई है।



पर्यटन सीजन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त तैयारी शुरू कर दी है। माहौल खराब करने वाले तत्वों पर इस बार पुलिस की पैनी नजर रहेगी।


एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर और पर्यटन स्थलों पर एल्कोहल मीटर के साथ विशेष पुलिस टीमें तैनात कर दी गई हैं। इसके साथ ही पुलिस बल की संख्या भी बढ़ाई गई है।



एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्यटन के नाम पर हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



पुलिस प्रशासन का कहना है कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और स्थानीय लोगों की शांति प्राथमिकता है, और इसके लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।



