

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


गुरुद्वारा में गुरु ग्रंथ साहिब के सामने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत द्वारा माफी मांगने के बाद भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रावत का यह पूरा व्यवहार केवल “नौटंकी” प्रतीत होता है।



गंभीरता नहीं, सिर्फ दिखावा
हनी पाठक ने कहा कि जिस अंदाज में हरक सिंह रावत ने सिर झुकाया, उसमें कहीं भी गंभीरता नहीं दिखी, जो कि ‘सिंह दा पुत्तर’ जैसी परंपरा में होती है। उनके अनुसार रावत का बयान और उनका रुख हमेशा कुछ और ही दिशा में दिखाई देता है।


1984 के सिख दंगों का हवाला
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी 1984 के सिख दंगों के कलंक को अपने साथ लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत के बयान और उनकी प्रस्तुति से साफ़ झलकता है कि कांग्रेस नेतृत्व की मनोदशा और सिख समाज के प्रति उनकी वास्तविक भावना क्या है।


मजाकिया अंदाज पर सवाल
हनी पाठक ने कहा कि रावत का बोलने का अंदाज इतना मजाकिया था कि ऐसा लगता है कि वह पीठ पीछे भी सिख समुदाय का मज़ाक बनाते होंगे।

गुरुद्वारा प्रबंधन से अपील
भाजपा प्रवक्ता ने गुरुद्वारा प्रबंधन से अपील की कि ऐसे संकुचित और कुंठित सोच वाले व्यक्तियों को पवित्र गुरुद्वारे की धरती पर कदम रखने की अनुमति न दी जाए।


हनी पाठक ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता जो डैमेज कंट्रोल में लगे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि उन्हें खुद भी एहसास है कि यह गलती माफ़ किए जाने योग्य नहीं है।

इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में इस मामले पर बहस तेज हो गई है और सिख समुदाय की प्रतिक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है।


