पौड़ी में उत्तराखंड का पहला जेन-जी डाकघर हुआ उद्घाटन, आधुनिक तकनीक और नवाचार से सुसज्जित

पौड़ी में उत्तराखंड का पहला जेन-जी डाकघर हुआ उद्घाटन, आधुनिक तकनीक और नवाचार से सुसज्जित

टॉप – पौड़ी
रिपोर्ट – जय ममगाई

भारत सरकार के मार्गदर्शन में उत्तराखंड का प्रथम जेन-जी डाकघर घुड़दौड़ी स्थित गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में विधिवत् उद्घाटित किया गया। इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर और निदेशक डॉ. विजय कुमार बंगा मौजूद रहे।

जेन-जी डाकघर पारंपरिक डाक सेवाओं को आधुनिक तकनीक और डिजिटल नवाचार के साथ जोड़ता है। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि यह पोस्ट ऑफिस केवल सेवा केंद्र नहीं बल्कि इंटरऐक्टिव प्लेटफॉर्म है, जहाँ युवा संचार, वित्तीय समावेशन और डिजिटल सेवाओं की वास्तविक दक्षताएँ सीख सकेंगे। उन्होंने छात्रों को डिज़ाइन और सजावट में योगदान देने के लिए धन्यवाद दिया।

डाकघर में माई-स्टाम्प काउंटर, पार्सल बुकिंग, पीपीएफ और आईपीपीबी जैसी वित्तीय सेवाएँ, तथा छात्रों के लिए साप्ताहिक और पाक्षिक परामर्श शिविर जैसी विशेष सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। यह केंद्र दस्तावेज़, पार्सल और वित्तीय सेवाओं के साथ-साथ छात्रों के लिए शिक्षा और डिजिटल अनुभव का मंच भी बनेगा।