पौड़ी के कोटी गांव में गुलदार का आतंक, मृतक महिला के घर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल

पौड़ी के कोटी गांव में गुलदार का आतंक, मृतक महिला के घर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल

टॉप : पौड़ी
रिपोर्ट : जय ममगाई

कोटी गांव में गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। मंगलवार को उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल अपने दल के नेताओं के साथ मृतक महिला के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

गुलदार के लगातार हो रहे हमलों पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए गोदियाल ने कहा कि “सरकार जवाब दे कि अब तक पकड़े गए गुलदारों को आखिर कहां छोड़ा गया? अगर उन्हें चिड़ियाघर भेजा गया है, तो पहाड़ों में गुलदारों की संख्या क्यों बढ़ रही है?”

उन्होंने भालू हमलों में बढ़ोतरी पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए वन विभाग की कार्यप्रणाली को कमजोर बताया।

वहीं, मृतका के परिवार और ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग जिस गुलदार को कोटी गांव से पकड़ने का दावा कर रहा है, वह किसी अन्य क्षेत्र में पकड़ा गया था। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वन विभाग गांव से दूर गश्त करता है, जिससे लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

गुलदार के भय से त्रस्त ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तुरंत ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि गांव में लगातार बढ़ते वन्यजीव हमलों पर रोक लग सके और लोग सुरक्षित माहौल में जीवन जी सकें।