BCCI ने शुभमन गिल की चोट पर दिया बड़ा अपडेट, दूसरे टेस्ट में खेलना अभी भी सस्पेंस

BCCI ने शुभमन गिल की चोट पर दिया बड़ा अपडेट, दूसरे टेस्ट में खेलना अभी भी सस्पेंस

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में 22 नवंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से ठीक पहले कप्तान शुभमन गिल की उपलब्धता को लेकर संशय बरकरार है। कोलकाता टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट (neck sprain) लगने के बाद गिल बीच मैच में मैदान छोड़कर अस्पताल ले जाए गए थे। हालांकि अब अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, लेकिन उनके खेलने पर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।

इस बीच BCCI ने गिल की चोट की स्थिति पर बड़ा अपडेट जारी किया है। BCCI के मुताबिक गिल की हालत पहले से बेहतर है और वह 19 नवंबर को टीम के साथ गुवाहाटी के लिए उड़ान भरेंगे। बोर्ड ने बताया कि मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी करेगी और दूसरे टेस्ट में उनकी भागीदारी का फैसला बाद में चिकित्सा परामर्श के आधार पर लिया जाएगा।

गर्दन में ऐंठन के कारण छोड़ना पड़ा मैच

कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट के दूसरे दिन शुभमन गिल को अचानक गर्दन में तेज दर्द और ऐंठन की शिकायत हुई थी। दिक्कत बढ़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। वहां उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार आया और अगले दिन उन्हें छुट्टी दे दी गई।

दूसरे टेस्ट से बाहर होने की स्थिति में मुश्किलें बढ़ेंगी

भारत दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पहले ही 0-1 से पीछे है। ऐसे में अगर शुभमन गिल दूसरे टेस्ट में उपलब्ध नहीं होते हैं तो टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कप्तान के रूप में गिल की अनुपस्थिति बल्लेबाजी क्रम और टीम संयोजन दोनों को प्रभावित कर सकती है।

नितीश कुमार रेड्डी को शामिल किया गया

गिल की संभावित अनुपस्थिति को देखते हुए चयनकर्ताओं ने युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया है। वहीं साउथ अफ्रीका की ओर से लुंगी एंगिडी को कगिसो रबाडा के कवर के तौर पर स्क्वॉड का हिस्सा बनाया गया है। रबाडा रिब इंजरी के कारण पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे।

गुवाहाटी टेस्ट से पहले टीम इंडिया की निगाहें अब पूरी तरह शुभमन गिल की फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी रहेंगी।