हल्द्वानी में अफवाहों पर लगाम, उपद्रवियों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई—SSP के निर्देश पर शहर में हाई अलर्ट

हल्द्वानी में अफवाहों पर लगाम, उपद्रवियों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई—SSP के निर्देश पर शहर में हाई अलर्ट

स्थान: हल्द्वानी
हल्द्वानी में शुक्रवार को माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब एक नवजात पशु का सिर मिलने की सूचना फैलते ही शहर के कुछ हिस्सों में भीड़ इकट्ठी होने लगी। स्थिति को भांपते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने तत्काल सभी थानों को अलर्ट किया और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी।

CCTV फुटेज में सामने आया सच
पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि एक कुत्ता जंगल की ओर से यह अंग लेकर आता दिख रहा है। स्थानीय जांच में भी संकेत मिले कि जंगल क्षेत्र में किसी जानवर के ब्याने के बाद यह अवशेष बाहर लाया गया था। पुलिस ने अवशेष को कब्जे में लेकर परीक्षण हेतु भेज दिया है।
तथ्यों की पुष्टि के बाद संबंधित संगठनों को अवगत कराया गया, जिससे माहौल शांत हुआ। इस बीच, शक के आधार पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है और पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।

कुछ तत्वों ने फैलाया उपद्रव, अब होगी कड़ी कार्रवाई
तथ्य सामने आने के बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ जमा कर उपद्रव और तोड़फोड़ की कोशिश की, जिसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और कानून व्यवस्था के विपरीत बताया गया।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि ऐसे सभी उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोरतम धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।

शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भारी सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं—

  • 04 क्षेत्राधिकारी (CO)
  • सभी थानाध्यक्ष
  • पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं PAC
  • PHQ एवं रेंज से भेजा गया अतिरिक्त पुलिस बल
  • आवश्यकता अनुसार पैरामिलिट्री फोर्स की मांग

पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अभिसूचना तंत्र भी सक्रिय है और उपद्रवियों की वीडियोग्राफी की जा रही है।

सोशल मीडिया पर भी सख्त नजर
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम लगातार सक्रिय है। कोई भी भड़काऊ पोस्ट, मैसेज या कमेंट करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
पुलिस का साफ संदेश—
“कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”