भीमताल विधायक ने जिलाधिकारी से आपदाग्रस्त क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने की मांग की

भीमताल विधायक ने जिलाधिकारी से आपदाग्रस्त क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने की मांग की

स्थान : भीमताल

भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भारी बरसात से हुए व्यापक नुकसान को देखते हुए विधायक राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को भीमताल विकास भवन में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रायाल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विधायक कैड़ा ने अपने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया और त्वरित राहत व पुनर्निर्माण कार्यों की मांग की।

विधायक कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में इस बार की भारी बारिश ने किसानों और आम लोगों को भारी क्षति पहुंचाई है। कई सड़कें, पुल, स्कूल और संपर्क मार्ग आपदा की चपेट में आकर टूट गए हैं, जबकि कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी क्षतिग्रस्त कार्यों के आंगणन (प्रस्ताव) आपदा मद में भेज दिए गए हैं, जिनकी तत्काल स्वीकृति आवश्यक है।

विधायक कैड़ा ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि आपदा प्रभावित सड़कों, मार्गों, स्कूलों और पुलों के पुनर्निर्माण के लिए आपदा मद से धनराशि अविलंब स्वीकृत की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भारी बारिश के कारण किसानों को गंभीर नुकसान हुआ है, ऐसे में किसानों को एसबीआई बीमा कंपनी से आलू और अदरक की फसल का बीमा भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।

इसके साथ ही विधायक ने अमृतपुर, डहरा, अमिया, भोर्षा, बानना, पसोली, रौशील, गुमाल, पनिया मेहता, पनियाबौर, स्यूड़ा, बडेत, हैड़ाखान, उढूवा, पस्तोला सहित अन्य खनन प्रभावित गांवों में खनन न्यास निधि से विकास कार्यों हेतु बजट की स्वीकृति की मांग की।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नए मोटर मार्गों के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी व पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को डीपीआर तैयार करने के लिए कहा जाए। साथ ही आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।