

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


मिशन कॉलेज, रानीखेत के संकुल सभागार में कल से उत्तराखंड संस्कृत अकादमी हरिद्वार के तत्वाधान में विकासखंड स्तरीय संस्कृत स्पर्धाओं का शुभारंभ होगा। प्रतियोगिताएं दो दिनों तक चलेंगी — 14 नवंबर 2025 को कक्षा 10 तक के कनिष्ठ वर्ग और 15 नवंबर 2025 को वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।



इन स्पर्धाओं में कुल छह विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी — नाटक, समूह गान, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण और श्लोकोच्चारण।


विकासखंड संयोजक श्री प्रकाश चंद्र तेवाड़ी ने बताया कि 12 नवंबर 2025 को संस्कृत अकादमी द्वारा एक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और सफल आयोजन से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा 13 नवंबर 2025 को विकासखंड ताड़ीखेत की एक अंतरिम बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता श्री प्रकाश चंद्र तेवाड़ी ने की। इस बैठक में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने भाग लिया। सभी को उनके कार्य और जिम्मेदारियां सौंपी गईं और आज सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है।


इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के कई प्रमुख विद्यालय भाग लेंगे, जिनमें स्प्रिंगफील्ड रानीखेत, वीर शिवा चिलियानौला, के.पी.एस. ताड़ीखेत, इंटर कॉलेज खिरखेत, आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत, केंद्रीय विद्यालय रानीखेत, रा.इ.का. भुजान, रा.इ.का. सिलोर महादेव, रा.इ.का. देवलीखेत, रा.बा.इ.का. रानीखेत, कैंट इ.का. रानीखेत, श्रीराम विद्यापीठ रानीखेत, रा.इ.का. ताड़ीखेत, रा.इ.का. नौगांव सहित कई अन्य विद्यालय शामिल हैं।

आज आयोजित बैठक में विकासखंड संयोजक प्रकाश चंद्र तेवाड़ी, सह संयोजक चंद्रशेखर बुधोड़ी, रमेश चंद्र पपनै, योगेश कुमार तिवारी, राहुल कुमार मिश्रा, विनय मोहन जोशी, श्यामसुंदर आर्या, विजया तिवारी, रीतू जोशी, और ममता उपाध्याय सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

प्रतियोगिता को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करना है, ताकि नई पीढ़ी में भारतीय परंपरा और मूल्यों का संवर्धन हो सके।



