रामनगर में झोपड़ी के अंदर वृद्ध का मिला लहूलुहान शव, इलाके में मचा हड़कंप

रामनगर में झोपड़ी के अंदर वृद्ध का मिला लहूलुहान शव, इलाके में मचा हड़कंप

स्थान : रामनगर/उत्तराखंड
संवाददाता : सलीम अहमद साहिल

गुरुवार सुबह रामनगर के ग्राम पूछड़ी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक झोपड़ी के अंदर एक वृद्ध व्यक्ति का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे और कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और झोपड़ी का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू की है।

मृतक की पहचान 65 वर्षीय सलीम अली के रूप में हुई है, जो झोपड़ी में अकेले रहते थे जबकि उनके परिजन अलग रहते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम सलीम अली उत्तर प्रदेश के किसी इलाके से अपनी जमीन बेचकर लौटे थे। सूत्रों के अनुसार, जमीन की बिक्री से मिली रकम उनके पास ही थी।

गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने झोपड़ी के अंदर देखा तो सलीम अली का शव खून से लथपथ पड़ा था और उनका चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम का माहौल है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए सीओ सुमित पांडे ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है ताकि साक्ष्य एकत्र किए जा सकें। पुलिस का कहना है कि हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता और जांच के सभी बिंदुओं पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।