

स्थान – हरिद्वार
संवाददाता – धर्मराज

जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 72 शिकायतें दर्ज की गईं। लोगों ने जमीन कब्जा मुक्त कराने, राशन कार्ड, सड़क मरम्मत, पेंशन, बिजली-पानी की समस्या और बरसात के बाद नालियों की सफाई जैसे मुद्दे उठाए।





डीएम ने शिकायतें सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गई हैं ताकि उनका शीघ्र समाधान हो सके।




मयूर दीक्षित ने स्पष्ट कहा कि जनता दरबार में अनुपस्थित पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और जिन शिकायतों का समाधान नहीं हो सका है, उन्हें एक या दो दिन में निस्तारित कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों की भी समीक्षा की जा रही है, जिनका निस्तारण लंबे समय से लंबित है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करें।




