


स्थान- सितारगंज
रिपोर्ट- तनवीर अंसारी


गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आज सितारगंज नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर नगर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई।



नगर कीर्तन की शुरुआत मुख्य चौक स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा से हुई। कीर्तन दल ने शहर के प्रमुख मार्गों—मुख्य चौक, तिरंगा चौक, महाराणा प्रताप चौक और खटीमा मुख्य बाजार से होते हुए पुनः गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंचकर समापन किया।



पूरे नगर कीर्तन मार्ग पर श्रद्धालु गुरु बाणी के कीर्तन में लीन दिखाई दिए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने लंगर और जल सेवा के स्टॉल भी लगाए, जिससे पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय बन गया।



इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। मुख्य मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई।

गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह पर्व एकता, प्रेम और सेवा भाव का प्रतीक है, जिसे हर साल पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है।





