

विमेंस वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने के तीन दिन बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेगी। टीम बुधवार शाम प्रधानमंत्री के साथ डिनर करेगी। खिलाड़ी मुंबई से स्पेशल फ्लाइट के जरिए दिल्ली पहुंच चुकी हैं।

टीम इंडिया की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने बताया कि मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को क्या गिफ्ट दिया जाए, इस पर टीम जल्द फैसला करेगी। उन्होंने कहा, “हम तय करेंगे कि प्रधानमंत्री को टीम की साइन की हुई जर्सी या बैट गिफ्ट करें।”





प्रधानमंत्री मोदी ने दी थी बधाई
वर्ल्ड कप फाइनल में ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर भारतीय टीम को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा था — “विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अद्भुत कौशल, आत्मविश्वास और एकजुटता दिखाई। यह ऐतिहासिक जीत भविष्य की पीढ़ी को प्रेरित करेगी।”

BCCI ने किया 51 करोड़ रुपए इनाम का ऐलान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को टीम इंडिया के लिए 51 करोड़ रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की। यह राशि खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और सिलेक्शन कमेटी के बीच वितरित की जाएगी।




BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा, “मैं भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम को इस ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत पर बधाई देता हूं। टीम की हिम्मत, प्रतिभा और एकता ने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है।”
भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर रचा इतिहास
2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए।

शेफाली वर्मा ने 87 रन और 2 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द फाइनल का खिताब जीता, जबकि दीप्ति शर्मा ने 58 रन के साथ 5 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गईं।


साउथ अफ्रीका की ओर से कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने 101 रन बनाए, लेकिन टीम 246 रन पर ऑलआउट हो गई। शेफाली और दीप्ति के शानदार प्रदर्शन ने मैच को भारत के पक्ष में कर दिया।
इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया और देशभर में जश्न का माहौल बन गया। अब सभी की निगाहें प्रधानमंत्री मोदी से होने वाली टीम की मुलाकात पर टिकी हैं।



