

स्थान: देहरादून
उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आयोजित विशेष विधानसभा सत्र को लेकर राजधानी देहरादून में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। विधानसभा भवन के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि इंटेलीजेंस टीमें चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं।




राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देहरादून विधानसभा पहुंचेंगी और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

विधानसभा परिसर और उसके आसपास का इलाका सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया गया है। सभी प्रवेश द्वारों पर चेकिंग और निगरानी के विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।





राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष सत्र के लिए विधानसभा भवन को आकर्षक रूप से सजाया गया है। मुख्य द्वार को फूलों और रोशनी से सजाकर भव्य रूप दिया गया है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू राज्य के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर अपना संबोधन देंगी। प्रदेशभर की निगाहें इस विशेष सत्र पर टिकी हैं।




