

रिपोर्ट: संजय कुंवर
स्थान: औली ज्योर्तिमठ

शीतकालीन पर्यटन स्थल औली में विंटर सीजन की दस्तक से पहले तैयारियां जोरों पर हैं। यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने और पर्यटन गतिविधियों में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय युवाओं की सहभागिता से बनी “नन्दा देवी विकास समिति” की पहली अहम बैठक आयोजित हुई।




समिति प्रभारी शैलेश पंवार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में औली क्षेत्र के पर्यटन और एडवेंचर एक्टिविटी से जुड़े सभी युवाओं ने हिस्सा लिया। बैठक में आगामी विंटर सीजन को देखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

इस दौरान घोड़ा-खच्चर संचालक, जिप्सी ड्राइवर, ट्रैकिंग-हाइकिंग गाइड, दुकानदार और स्कीइंग संचालकों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। निर्णय लिया गया कि औली में आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की गाइडिंग या एक्टिविटी के लिए अनावश्यक भीड़ और परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जीएमवीएन रिसॉर्ट के आसपास व्यवस्था को सुधारने की योजना बनाई गई।




बैठक में “एक दुकान, एक रेट” की व्यवस्था लागू करने पर भी सहमति बनी, ताकि पर्यटकों को पारदर्शी और समान दरों पर सामान और सेवाएं मिलें। इसके अलावा 18 वर्ष से कम आयु के युवाओं द्वारा गाइडिंग या एक्टिविटी संचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया।

समिति ने यह भी तय किया कि प्रत्येक पर्यटन गतिविधि के लिए अलग-अलग पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे और सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
नन्दा देवी विकास समिति ने कहा कि औली में पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि पर्यटक यहां से एक सकारात्मक अनुभव और संदेश के साथ लौटें।





