


स्थान: ऋषिकेश
रिपोर्ट: खुशबू गौतम

हीरा लाल मार्ग स्थित एक कबाड़ी की दुकान में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी।






प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना करीब दोपहर तीन बजे की है जब दुकान में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक दुकान में मौजूद व्यक्ति झुलसकर दम तोड़ चुका था।




कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतक की शिनाख्त की जा रही है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। फिलहाल पुलिस आगजनी के कारणों की तहकीकात में जुटी है।




