चलती कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला — महिला और बच्चा बाल-बाल बचे

चलती कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला — महिला और बच्चा बाल-बाल बचे

स्थान: विकासनगर
रिपोर्ट: सतपाल धानिया

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली इलाके में रविवार देर शाम एक चलती इंडिका कार में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त कार में एक बच्चा, तीन महिलाएं और चालक सवार थे। गनीमत रही कि सभी लोगों ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, यह लोग झाझरा से विधोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विधोली क्षेत्र से गुजरते वक्त कार में अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गाड़ी में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।