


देहरादून। उत्तराखंड में आगामी वीवीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। रविवार सायं अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारियों और ड्यूटी प्रभारियों की डिब्रीफिंग की।




फ्लीट रिहर्सल के बाद एडीजी ने सुरक्षा तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने बैरिकेडिंग, रूफटॉप ड्यूटी, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और अन्य सुरक्षा उपायों की जानकारी ली।

डॉ. मुरुगेशन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और जिन बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता है, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने सभी ड्यूटी प्रभारियों से समन्वय बनाकर सुदृढ़ और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।




एडीजी ने कहा कि वीवीआईपी सुरक्षा राज्य पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।





