

स्थान: चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर जिले में खेल भावना और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस मौके पर खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य और जिला खेल कार्यालय चंपावत के तत्वावधान में अम्बेडकर पार्क से डूंगरासेठी तक विभिन्न वर्गों में क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया।





कार्यक्रम का उद्घाटन और समापन मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद चंपावत की अध्यक्ष प्रेमा पांडे और विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।



जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर पूरे जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज चंपावत में क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया, वहीं टनकपुर में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। अधिकारी ने कहा कि खेल विभाग समय-समय पर युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहता है।




प्रतियोगिता में विजेता रहे सागर सिंह धौनी ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती कार्यक्रम के तहत आयोजित इस दौड़ में उन्हें पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाते हैं।




