

स्थान: गदरपुर
रिपोर्टर: महेंद्र पाल सिंह

दिनेशपुर क्षेत्र के किसानों ने रविवार को भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा को ज्ञापन सौंपकर गर्मियों में धान लगाने की अनुमति देने की मांग की। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में अत्यधिक नमी और जलभराव के कारण अन्य फसलें सफल नहीं हो पातीं, ऐसे में धान की खेती ही उनके लिए उपयुक्त विकल्प है।




किसान आशुतोष ने बताया कि दिनेशपुर क्षेत्र में जमीन में सीलन अधिक रहती है, जिससे अन्य फसलों की पैदावार प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा को सौंपा है, ताकि प्रशासन से गर्मियों के धान की बुवाई की अनुमति दिलवाई जा सके।





किसान आशुतोष ने सरकार की कृषि नीतियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय दुगनी करने की बात करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। “किसानों की आय तो दुगनी नहीं हुई, उल्टा कर्ज जरूर बढ़ गया है,” उन्होंने कहा।


इस मौके पर भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और भाजपा सरकार किसानों के हित में सकारात्मक निर्णय लेगी।



