


स्थान : रुड़की
संवाददाता – प्रवेश राय

मां की डांट से नाराज़ होकर घर से निकली तीन नाबालिग बच्चियों को हरिद्वार पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर मथुरा से सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया।



जानकारी के अनुसार, गंगनहर क्षेत्र निवासी महिला की दो बेटियां और उनकी एक सहेली 31 अक्टूबर को घर से स्कूल जाने के बहाने निकलीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चियों की तलाश शुरू की।



एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से बच्चियों की लोकेशन ट्रेस की। जांच में पता चला कि तीनों बच्चियां रुड़की से दिल्ली और फिर मथुरा पहुंच गई थीं। पैसों की कमी के चलते वे मथुरा रेलवे स्टेशन पर बैठी मिलीं।


हरिद्वार पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से 1 नवंबर को तीनों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। एसएसपी डोबाल ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की।


पुलिस की तत्परता और तकनीकी निगरानी के कारण बच्चियों को समय पर सुरक्षित घर वापस लाया जा सका।




