लालकुआँ में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव पर पांच दिवसीय प्रभात फेरी का समापन

लालकुआँ में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव पर पांच दिवसीय प्रभात फेरी का समापन

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव के पावन अवसर पर श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी लालकुआँ द्वारा निकाली गई पांच दिवसीय प्रभात फेरी का आज विधिवत समापन किया गया।

प्रभात फेरी का शुभारंभ श्री गुरुद्वारा साहिब लालकुआँ से हुआ, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए बजरी कंपनी कॉलोनी पहुंची। वहां बजरी कंपनी की संगत द्वारा समस्त संगत को जलपान कराया गया। इसके बाद प्रभात फेरी पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर अरदास और शब्द कीर्तन के साथ संपन्न हुई।

गौरतलब है कि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा हर वर्ष गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पांच दिवसीय प्रभात फेरी का आयोजन किया जाता है। प्रभात फेरी के अगले दिन से श्री अखंड पाठ की शुरुआत होती है, जो प्रकाश उत्सव के दिन तक चलता है।

प्रकाश उत्सव के दिन गुरुद्वारा परिसर में भव्य शब्द कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाहर से आए रागी जत्थे गुरु महिमा का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर संगत के लिए विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा।

पूरे आयोजन के दौरान नगर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा की भावना का सुंदर माहौल देखने को मिला।