


स्थान : देहरादून


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 से 4 नवंबर, 2025 तक उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे हरिद्वार, देहरादून और नैनीताल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी।



राष्ट्रपति के दौरे का आगाज 2 नवंबर को हरिद्वार से होगा, जहां वह पतंजलि विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।



इसके बाद 3 नवंबर को राष्ट्रपति देहरादून पहुंचेंगी और उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। उसी दिन वह नैनीताल राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में भी शिरकत करेंगी।


दौरे के अंतिम दिन 4 नवंबर को राष्ट्रपति कैंची धाम जाएंगी, जहां वह नीम करोली बाबा के आश्रम में दर्शन करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति नैनीताल में कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।


अपने उत्तराखंड प्रवास के समापन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा प्रदेश के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि यह उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के रजत जयंती वर्ष के खास अवसर पर हो रहा है।




