राज्य स्थापना के 25 साल: सीएम धामी ने दी इगास पर्व की शुभकामनाएं, बोले—“12 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार”

राज्य स्थापना के 25 साल: सीएम धामी ने दी इगास पर्व की शुभकामनाएं, बोले—“12 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार”

स्थान : देहरादून
रिपोर्टर : सचिन कुमार

उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 1 से 11 नवंबर तक रजत जयंती कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्यवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं दीं और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उत्तराखंड राज्य की स्थापना में योगदान के लिए नमन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि आगामी एक वर्ष में प्रदेश सरकार 12 हजार युवाओं को रोजगार देने जा रही है, जिसके लिए प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दर में कमी आई है और राज्य बनने के बाद प्रति व्यक्ति आय में 17 गुना वृद्धि हुई है।

सीएम धामी ने बताया कि राज्य स्थापना के 25 साल पूरे होने के अवसर पर राज्य विधानसभा में 3 और 4 नवंबर को दो दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। यह राज्य के इतिहास में पहली बार होगा जब इस सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी और सदन को संबोधित करेंगी।

उन्होंने कहा कि इस विशेष सत्र में राज्य निर्माण के 25 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियां, चुनौतियां और भविष्य की योजनाओं के रोडमैप पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत जयंती वर्ष प्रदेश के लिए गर्व का अवसर है और सरकार आने वाले समय में उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पत्रकार वार्ता के दौरान सीएम धामी ने बताया कि 1 नवंबर से 11 नवंबर तक आयोजित होने वाले रजत जयंती कार्यक्रमों में हर दिन विशेष आयोजन होंगे। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विकास प्रदर्शनी और विभिन्न जिलों में जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी देहरादून का एक दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है, और उनका इस अवसर पर प्रदेश आगमन राज्य की रजत जयंती समारोह को और ऐतिहासिक बना देगा