देहरादून में उत्तराखंड की रजत जयंती पर दो दिवसीय विशेष सत्र, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी उद्घाटन

स्थान : देहरादून

उत्तराखंड राज्य गठन की रजत जयंती के अवसर पर 3 और 4 नवंबर को राजधानी देहरादून में दो दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस सत्र के पहले दिन देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सत्र को संबोधित करेंगी। रजत जयंती के इस विशेष अवसर पर प्रदेश के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।

वहीं, इस विशेष सत्र को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने नाराज़गी जताई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि अगर यह सत्र गैरसैंण में आयोजित किया जाता तो इसका महत्व और बढ़ जाता। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए था कि सत्र को कम से कम 8 से 10 दिनों तक चलाया जाए ताकि जनता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सके। माहरा ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह केवल औपचारिकता निभा रही है और जनता के वास्तविक सरोकारों से दूर है।

इस पर जवाब देते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि जब पिछली बार सत्र गैरसैंण में आयोजित किया गया था, तब विपक्ष ने ही सत्र को चलने नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि उस समय कई महत्वपूर्ण विधेयक और नीतिगत चर्चाएँ प्रस्तावित थीं, लेकिन कांग्रेस ने हंगामा कर सत्र को समय से पहले समाप्त करवा दिया।

राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित यह विशेष सत्र प्रदेश की उपलब्धियों का प्रतीक माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस अवसर पर राज्य के विकास की दिशा में नई योजनाओं और नीतियों की घोषणा भी हो सकती है।