पंतनगर में ट्रेन की चपेट में आए गौवंश, आधा दर्जन की मौत – लोगों में आक्रोश

पंतनगर में ट्रेन की चपेट में आए गौवंश, आधा दर्जन की मौत – लोगों में आक्रोश

स्थान : पंतनगर

पंतनगर के छतरपुर मार्ग पर स्थित अशोक लीलैंड रेलवे फाटक के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेल पटरी पर घूम रहे गौवंशीय पशुओं का झुंड अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे करीब आधा दर्जन गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई पशु गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे छतरपुर मार्ग के पास आवारा गायें रेलवे लाइन पर घूम रही थीं, तभी तेज गति से आई ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कई गौवंशों के अंग पटरी पर बिखर गए। बताया गया कि मृत गायों में से एक गर्भवती थी, जिसका गर्भस्थ बछड़ा पेट फटने के बाद बाहर आ गया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से मृत पशुओं के अवशेषों को हटाकर रेलवे ट्रैक को साफ कराया गया। हादसे के दौरान रूद्रपुर और हल्दी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था। साथ ही रेलवे ट्रैक के किनारे लगे विद्युत पोलों की सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी गई ताकि सफाई कार्य सुरक्षित रूप से किया जा सके।

करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक को पूरी तरह साफ किया गया और रेल यातायात बहाल हो सका।

स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा दुख जताया और प्रशासन के प्रति नाराज़गी जाहिर की। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई है। सड़कों और रेलवे ट्रैकों पर लगातार आवारा गायें और बैल घूमते रहते हैं, जिसके चलते कई सड़क दुर्घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय नागरिकों और गौसेवा संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाएं दोबारा न हों।