मुनिकीरेती में शराब के ठेके पर दोस्त ने युवक की चाकू से हत्या

मुनिकीरेती में शराब के ठेके पर दोस्त ने युवक की चाकू से हत्या

लोकेशन- मुनिकीरेती

ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती ढालवाला इलाके में देर रात शराब के ठेके पर हुए विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक अजेंद्र कंडारी (28) थे और आरोपित उनके दोस्त अक्षय ठाकुर हैं।

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक, अजेंद्र और अक्षय ठाकुर शराब पीने के बाद आपस में विवाद में उलझ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान अक्षय ने ठेली से चाकू उठाकर अजेंद्र की छाती में कई बार वार किए।

लहूलुहान अजेंद्र को पहले पास के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे एम्स रेफर किया। एम्स पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा और आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों ने एम्स में पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया, लेकिन लोगों की समझाइश के बाद शव को मोर्चरी में सील कर रखा गया।

इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि अजेंद्र कबूतर पालने का शौक रखते थे। आरोपी अक्षय नाई का काम करता है। परिजनों की ओर से तहरीर मिल चुकी है और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अक्षय को गिरफ्तार करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट होगा कि अजेंद्र के शरीर पर कितने वार किए गए।