बग्वालीपोखर में तीन दिवसीय बग्वाई कौतिक का शानदार समापन

बग्वालीपोखर में तीन दिवसीय बग्वाई कौतिक का शानदार समापन

स्थान – रानीखेत

बग्वालीपोखर में आयोजित तीन दिवसीय ऐतिहासिक बग्वाई कौतिक का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आज समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन मीना बाजार में लोगों की भारी भीड़ लगी रही और सभी ने जमकर खरीदारी का आनंद लिया।

पूर्व विधायक महेश नेगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बग्वाई कौतिक को ऐतिहासिक और पौराणिक बताते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मेला समिति ने इसे और ऊँचाइयों तक पहुँचाया है और अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का जिक्र भी किया।

ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किरौला ने कहा कि यह मेला बचपन से ही देखने लायक रहा है और अब एक ब्लॉक प्रमुख के रूप में इसमें शामिल होना गर्व की बात है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नवीन पांडे ने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को प्रेरित और प्रोत्साहित करते हैं।

मेला परिसर में लोगों में उत्साह देखने को मिला। झंकार लोक कला समिति, बागेश्वर और नव हिमालयन कला केंद्र, अल्मोड़ा के कलाकारों ने झोड़ा, चांचरी, न्योली, छपेली आदि नृत्य-गीत प्रस्तुत किए। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के बच्चों और क्षेत्रीय कलाकारों ने भी रंगारंग कार्यक्रम में भाग लिया।

मेला समिति अध्यक्ष सुबेदार मेजर हरी सिंह भंडारी, सचिव प्रमोद जोशी, सांस्कृतिक सचिव दीपक मेहता, संयोजक संतोष बिष्ट और त्रिभुवन बिष्ट ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।