

लोकेशन- रूड़की
संवाद्दाता- प्रिंस शर्मा

आज सुबह रुड़की-देहरादून हाईवे पर एक भयंकर सड़क हादसा हुआ जब ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के ऊपर एक तेज रफ्तार ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक अकबर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी शब्बीर गंभीर रूप से घायल हो गया।



घटना पनियाला गांव स्थित देहरादून बाइपास पर हुई। जानकारी के अनुसार, ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराया और ट्रॉली पूरी तरह चकनाचूर हो गई। चालक और उसका साथी ट्रक के नीचे फंस गए।


स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और गंगनहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। चिकित्सकों ने ट्रैक्टर चालक अकबर को मृत घोषित किया, जबकि घायल शब्बीर को हायर सेंटर रेफर किया गया।



हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे नेशनल हाईवे टीम ने ट्रक और ट्रॉली हटवाकर सुचारू किया। पुलिस अब फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि ट्रक तेज गति में था और इसी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




