

स्थान… हल्द्वानी
रिपोर्ट.. ऋषि कपूर

नैनीताल। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में काठगोदाम पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बाइक चोरी के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों — सौरभ आर्या और संजय बिष्ट — को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 चोरी की बाइक और एक स्कूटी बरामद की है।



जानकारी के अनुसार, पुलिस को गौलापुल क्षेत्र में संदिग्ध युवकों के घूमने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर टीम ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने कई बाइक चोरी की वारदातों को कबूल किया। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।


पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया। बरामद गाड़ियों की पहचान कर संबंधित थानों को सूचना दी जा रही है।

काठगोदाम थाना पुलिस टीम की इस सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने टीम को ₹2500 का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और शेष चोरी की गाड़ियों की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।




