

स्थान – देहरादून
यम द्वितीया के पावन अवसर पर देहरादून में भगवान चित्रगुप्त महोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा भगवान चित्रगुप्त के सम्मुख सामूहिक कलम-दवात पूजन का विधिवत आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने हवन और आरती के माध्यम से भगवान की स्तुति की और सभी के मंगल की कामना की।



कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर की। सामूहिक पूजन में उपस्थित भक्तों ने कलम-दवात पूजन के साथ भगवान गणेश और अन्य देवताओं का भी आह्वान किया। महोत्सव इस वर्ष चित्रांश सुदीप सक्सेना के प्रांगण में आयोजित किया गया।


अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने बताया कि हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान चित्रगुप्त, जो सभी मनुष्यों के कर्मों का हिसाब रखते हैं, का पूजन विशेष महत्व रखता है। इसी अवसर पर उनके बही-खाते और कलम-दवात का पूजन भी किया जाता है।



महोत्सव की शोभा को बढ़ाया चित्रांश बंधु — पीयूष, राजीव और रोहित के भजनों ने। इस दौरान भक्तों के लिए भंडारा की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम में अतुल श्रीवास्तव, सुशील सक्सेना, अनिल श्रीवास्तव, नितेश सक्सेना, पीयूष निगम, राजीव जौहरी, रोहित वर्मा, प्रखर श्रीवास्तव, रवि सरन, सुदीप सक्सेना, अभिषेक माथुर, नीतू श्रीवास्तव, ऋचा जौहरी, सोना श्रीवास्तव, शालिनी सक्सेना, ममता श्रीवास्तव, दिशा सक्सेना, ममता माथुर, निधि सक्सेना सहित कई कायस्थ परिवारों के लोग मौजूद रहे।



कार्यक्रम में कायस्थ समाज के बच्चों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी, जिससे महोत्सव का उत्साह और बढ़ गया। इस प्रकार, भगवान चित्रगुप्त महोत्सव ने श्रद्धा, परंपरा और सांस्कृतिक रंग में पूरा नगर आबाद कर दिया।



