

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत जिले की लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विशेष रूप से रौसाल-लोहाघाट मोटर मार्ग से ग्राम डनगांव को जोड़ने वाली सड़क पिछले 25 वर्षों से डामरीकरण का इंतजार कर रही है।



किसान नेता मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि सड़क का एक किलोमीटर हिस्सा 25 साल पहले लोक निर्माण विभाग (लोहाघाट) द्वारा बनाया गया था, लेकिन आज तक डामरीकरण नहीं हुआ। पांडे ने कहा कि कई बार विभाग, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


पांडे ने बताया कि लगभग 15 साल पहले तत्कालीन भाजपा विधायक पूरन फर्त्याल ने विधायक निधि से एक किलोमीटर सड़क काटकर गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने का काम किया था। बारिश या अन्य कारणों से सड़क बंद होने पर विभाग केवल अपनी बनाई एक किलोमीटर सड़क तक ही मशीन भेजकर सड़क खोलता है, जबकि बाकी सड़क ग्रामीण अपने खर्चे से खोलते हैं।



किसान नेता और ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से अपील की है कि सड़क का डामरीकरण किया जाए और विधायक निधि से बनी सड़क को विभाग अपने अधीन ले। पांडे ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, और ग्रामीण जान हथेली में रखकर इस मार्ग से यात्रा करने को मजबूर हैं।
पांडे ने कहा, “25 साल से सड़क का डामरीकरण न होना ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ और विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।” उन्होंने विभाग से तत्काल सुधार और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की।





