खटीमा में आवारा पशुओं का बढ़ता संकट, भीम आर्मी ने नगर पालिका पर जताई नाराज़गी

खटीमा में आवारा पशुओं का बढ़ता संकट, भीम आर्मी ने नगर पालिका पर जताई नाराज़गी

स्थान – खटीमा उधम सिंह नगर
रिपोर्ट -अशोक सरकार

खटीमा। खटीमा क्षेत्र में आवारा पशुओं के कारण सड़कों पर जाम और दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर भीम आर्मी के सदस्यों ने नगर पालिका परिसर में धरना प्रदर्शन किया और नगर पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भीम आर्मी के प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रोज़ाना आवारा पशुओं के कारण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोग घायल हो चुके हैं और कुछ की जान भी जा चुकी है। शहर में आवारा पशु सड़कों और गलियों में डेरा जमाए रहते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। शाम और रात के समय उनकी संख्या और अधिक होती है।

भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी से वार्ता हुई है। उन्होंने डेढ़ से दो माह का समय मांगा है।

नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि दो-तीन महीनों में गौशाला तैयार हो जाएगी। इसके साथ ही आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की जा रही है। गौशाला बनने के बाद इन आवारा पशुओं को वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।

विशेष रूप से, केवल शहर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवारा पशुओं की वजह से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं, जिससे आर्थिक नुकसान भी बढ़ रहा है।

नगर पालिका और प्रशासन को जल्द प्रभावी कदम उठाने की उम्मीद जताई जा रही है, ताकि खटीमा शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात और कृषि सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सकें।