विकासनगर मोती हत्याकांड: अदालत ने दो आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में किया दोषमुक्त

विकासनगर मोती हत्याकांड: अदालत ने दो आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में किया दोषमुक्त

लोकेशन – विकासनगर
रिपोर्ट – सतपाल धानिया

बहुचर्चित मोती हत्याकांड में अब चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। एडीजे नंदन सिंह राणा की अदालत ने साल 2019 की हत्या के मामले में दो आरोपितों, नदीम और एहसान को लंबे ट्रायल के बाद साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त करार दिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोप था कि दोनों आरोपितों ने 2019 में मृतक मोती का अपहरण कर उसके सिर पर ईंट से वार किया और शव को शक्ति नहर में फेंक दिया। घटना के तुरंत बाद दोनों आरोपित न्यायिक हिरासत में थे। हत्या के समय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने आरोपितों की निशानदेही पर भारी सुरक्षा के बीच शक्ति नहर में हफ्तों तक शव की तलाश की थी।

मोती हत्याकांड से आक्रोशित लोगों ने विकासनगर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को लाठी चार्ज तक करना पड़ा। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान मृतक के सिर पर मारी गई ईंट और मोबाइल फोन बरामद किए थे।

हालांकि, लंबे समय तक चले मुकदमे और जांच के बाद अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में दोनों आरोपियों को बरी कर दिया। इस फैसले के बाद घटनास्थल और शहर में मिश्रित प्रतिक्रिया देखी जा रही है।