


रिपोर्टर : शहजाद अली
स्थान : हरिद्वार

खांसी की दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती के नेतृत्व में सोमवार को ज्वालापुर क्षेत्र के मॉडर्न मेडिकल स्टोर्स सहित कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।



निरीक्षण के दौरान टीम ने स्टॉक रजिस्टर, बिलिंग रिकॉर्ड, एक्सपायरी डेट और सैंपलिंग की जांच की। 7 नए नमूने सेंट्रल लैब भेजे गए हैं ताकि उनकी गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके।

अनीता भारती ने कहा, “हमारे अपर आयुक्त के निर्देशानुसार राज्य में कोई भी दूषित कफ सिरप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी नमूने राजकीय प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। बच्चों को दवा देने से पहले हमेशा डॉक्टर की सलाह लें।”



ड्रग्स इंस्पेक्टर मेघा ने चेतावनी दी, “सभी मेडिकल स्टोर्स और डॉक्टरों के लिए स्पष्ट निर्देश है कि बिना पर्ची के दवा न बेची जाए। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।”

औषधि नियंत्रण विभाग ने जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध दवा की जानकारी तुरंत दें। यह अभियान हरिद्वार से शुरू होकर राज्यभर में लागू किया जाएगा।




