


हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण पेश किया है। घर से नाराज होकर लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को हल्द्वानी पुलिस ने मात्र 2 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के बिलासपुर (जनपद रामपुर) से सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में चल रहे गुमशुदा / लापता बच्चों की बरामदगी अभियान के तहत यह सराहनीय सफलता मिली है।


जानकारी के अनुसार, कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के दो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी बालिकाएं बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। काफी तलाश के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला, तो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।


प्रभारी निरीक्षक अमर चंद्र शर्मा के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और सक्रिय प्रयासों से मात्र दो घंटे में ही दोनों बालिकाओं का सुराग लगा लिया। टीम ने दोनों को बिलासपुर, रामपुर (उ.प्र.) से सकुशल बरामद कर लिया।

बाल कल्याण अधिकारी द्वारा पूछताछ में सामने आया कि घरवालों द्वारा डांटे जाने के कारण दोनों बालिकाएं नाराज होकर नौकरी की तलाश में घर से निकल गई थीं। पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग कराकर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया।

अपने बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया।

बरामदगी टीम में शामिल रहे:


- उप निरीक्षक प्रेम विश्वकर्मा, प्रभारी चौकी मंडी
- कानि. ललित मेहरा
- महिला कानि. दीपा कुमारी
नैनीताल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना स्थानीय नागरिकों द्वारा भी की जा रही है।


