


रिपोर्ट: भगवान सिंह

स्थान: पौड़ी
क्षेत्र पंचायत पौड़ी की प्रथम बैठक में विकास कार्यों को लेकर नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपनी-अपनी समस्याएं पटल पर रखीं। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी ने की, जिसमें जिलाधिकारी गढ़वाल और मुख्य विकास अधिकारी भी मौजूद रहे।



बैठक के दौरान ग्राम प्रधान धनाऊ के कमल रावत ने तीखा विरोध दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उन्हें बैठक की सूचना तक नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत प्रमुख द्वारा ग्राम प्रधानों और सदस्यों की अनदेखी की जा रही है तथा केवल “अपने-अपनों” को ही बैठक में आमंत्रित किया जा रहा है।



रावत ने कहा कि बैठकें केवल औपचारिकता बनकर रह गई हैं। अधिकारी एक दिन के लिए समस्याएं सुनते हैं, लेकिन बैठक समाप्त होते ही वे सभी बातें भुला दी जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम सभा में हर घर नल अभियान के तहत शिकायत दर्ज कराने पर संबंधित अधिकारी ने उनसे “डील” करने की बात कही।


ग्राम प्रधान ने यह भी बताया कि पौड़ी से कालेश्वर मार्ग पर नियमित बस सेवा नहीं चल रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि इस बस सेवा को जल्द से जल्द नियमित किया जाए।
बैठक में कई अन्य ग्राम प्रधानों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं और विकास कार्यों की समीक्षा में पारदर्शिता लाने की मांग की।




