हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के बीच उमड़ी श्रद्धा, 550 श्रद्धालुओं ने किया मत्था टेक

हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के बीच उमड़ी श्रद्धा, 550 श्रद्धालुओं ने किया मत्था टेक

रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : श्री हेमकुंड साहिब

समुद्र तल से करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित सिख धर्म के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुंड साहिब में बर्फबारी थमने के बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही एक बार फिर तेज हो गई है। आज करीब 550 श्रद्धालुओं ने श्री गुरु महाराज जी के दरबार में मत्था टेका, और श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की तपोभूमि में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछी होने के बावजूद श्रद्धालुओं का जोश और आस्था देखते ही बन रही है। बर्फबारी के कारण रास्ते फिसलन भरे हैं, तापमान शून्य के करीब है, लेकिन वाहे गुरु के नाम का जाप करते हुए श्रद्धालु हेमकुंड पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने हाड़ कंपा देने वाली ठंड में भी बर्फीले पवित्र अमृत सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई और गुरु वाणी व अरदास सुनकर निहाल हुए। गुरुद्वारे परिसर में संगतों की सेवा में स्थानीय और लंगर समिति के सेवादार लगातार जुटे हुए हैं।

बर्फबारी के कारण यात्रा मार्ग पर दुश्वारियां बढ़ी हैं, लेकिन आस्था और विश्वास की ताकत के आगे हर मुश्किल छोटी पड़ती दिख रही है।

गौरतलब है कि श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 10 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इस दिन साल की अंतिम अरदास होगी, जिसके बाद हेमकुंड यात्रा की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की जाएगी।

बर्फ से ढके इस पवित्र स्थल पर हर साल की तरह इस बार भी गुरु महाराज जी के प्रति श्रद्धा और समर्पण का अनोखा नज़ारा देखने को मिल रहा है।