

हल्द्वानी। स्नातक प्रतियोगी परीक्षा-2025 के दौरान कथित नकल प्रकरण की जांच के लिए गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग की जनसुनवाई आज हल्द्वानी से शुरू हुई। आयोग के अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री यू.सी. ध्यानी ने आम जनता, अभ्यर्थियों और हितधारकों की बातें सुनकर जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने का प्रयास किया।



दो दिवसीय जनसुनवाई एवं जन संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य सभी अभ्यर्थियों, नागरिकों और अन्य हितधारकों की बात सीधे आयोग तक पहुँचाना है। सुनवाई में अभ्यर्थियों, शिक्षकों, मीडियाकर्मियों और आम लोगों ने भाग लिया।


छात्रों ने इस दौरान परीक्षा को नकल मुक्त कराने और UKSSSC द्वारा कराई गई परीक्षा को रद्द कर पुनः आयोजित करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव आयोग के समक्ष रखे। आयोग ने सभी सुझावों को अपनी जांच प्रक्रिया में शामिल करने का आश्वासन दिया।


कल हल्द्वानी और रुद्रपुर में भी जांच आयोग की जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें और अधिक सुझाव और शिकायतें सुनी जाएंगी। आयोग का यह कदम परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




