दहेज न मिलने पर गर्भवती महिला पर मारपीट, पति-ससुराल पर मुकदमा दर्ज

दहेज न मिलने पर गर्भवती महिला पर मारपीट, पति-ससुराल पर मुकदमा दर्ज

स्थान- लक्सर

लक्सर: कलसिया गांव में दहेज न मिलने के विवाद में तीन माह की गर्भवती महिला निशा के साथ मारपीट की गई और उसे छह माह के बेटे के साथ घर से निकाल दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर निशा के पिता दिनेश कुमार और बिचौलिए ने उसे मायके ले आए।

जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार की बेटी निशा की मार्च 2024 में कलसिया गांव निवासी कार्तिक के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालियों को दहेज संतोषजनक नहीं लगा। जनवरी 2025 में निशा ने बेटे यश को जन्म दिया। परंपरा के अनुसार ननिहाल से कपड़े और सामान भेजा गया, लेकिन ससुरालियों ने मारुति कार और इनवर्टर की मांग भी की।

काफी समझाने के बाद भी ससुराल वालों ने नहीं मानी। 18 जुलाई 2025 को निशा को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। निशा ने मायके पहुंचकर मेडिकल कराया और कोतवाली में तहरीर दी।

लक्सर कोतवाली के प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि निशा के पति कार्तिक, सास सुमन, ससुर ऋषिपाल और ननद पूजा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।