

स्थान – जसपुर

रिपोर्टर – प्रदीप श्रीवास्तव


उधम सिंह नगर। जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 21 सितंबर से चल रही मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामलीला का मंचन श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। मोहल्ला चौहनान रंगमंच पर वृंदावन से पधारे देवकीनंदन जी द्वारा आकर्षक और भव्य मंचन किया गया, जिसमें दिन-प्रतिदिन दर्शकों की भीड़ बढ़ती गई।



रामलीला मंचन के दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और लंकेश्वर महाराज रावण के बीच हुए युद्ध का दृश्य दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहा। युद्ध के बाद रावण का वध कर भगवान श्रीराम ने राक्षसों के आतंक से मुक्ति दिलाई।



रामलीला समापन के उपलक्ष्य में गुरुवार को जसपुर दशहरा प्रांगण में भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। करीब 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन भगवान श्रीराम के प्रतीक स्वरूप द्वारा किया गया।


इस मौके पर उमड़े जनसैलाब ने “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान कर दिया। आयोजन ने जहां धार्मिक आस्था को जीवंत किया, वहीं सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी दिया।



