स्वास्थ्य मंत्री की पहल से गर्भवती महिला और शिशु को नई जिंदगी

स्वास्थ्य मंत्री की पहल से गर्भवती महिला और शिशु को नई जिंदगी

स्थान- पौड़ी
रिपोर्ट- जय ममगाई

श्रीनगर: खिर्सू ब्लाक के चिमल्यूं गांव की 28 वर्षीय गर्भवती महिला सविता की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

महिला पहले पौड़ी अस्पताल में भर्ती थी, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर लाया गया। डॉक्टरों ने उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता बताई। स्वास्थ्य मंत्री के तत्काल आदेश पर एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और सविता को सुरक्षित रूप से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।

महिला के पति विपिन सिंह ने सरकार और विशेष रूप से मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार जताया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत ने बताया कि महिला का बीपी और शुगर लेवल बढ़ा हुआ था और यह उनका पहला प्रसव था, इसलिए जटिलताएँ आ सकती थीं। डॉ. धन सिंह रावत ने कहा, “हमारी प्राथमिकता मरीज की जान बचाना और उन्हें उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंचाना है। यह घटना साबित करती है कि सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है और समय पर चिकित्सा सुविधा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

इस आपातकालीन सेवा से जच्चा-बच्चा दोनों की जान सुरक्षित रही, और यह राज्य सरकार की दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक त्वरित स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने की संवेदनशीलता को दर्शाता है।