

स्थान : लक्सर


लक्सर। बहादरपुर रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर न होने के कारण लक्सर और रुड़की क्षेत्र के लगभग 70 गांवों के लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या न केवल स्थानीय निवासियों के लिए बल्कि दिल्ली-हरिद्वार और देहरादून-दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए भी चुनौतीपूर्ण बन गई है।



रेलवे फाटक बंद रहने से अक्सर जाम लग जाता है, खासकर त्योहारों और कावड़ यात्रा के दौरान। सड़क छोटी और सिंगल लेन होने के कारण समस्या और बढ़ जाती है। शुगर मिल शुरू होने पर किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण भी जाम की समस्या बढ़ जाती है और कई बार दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं।



स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से फ्लाईओवर निर्माण की मांग कर रहे हैं। लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने बताया कि उनके प्रस्ताव पर शासन ने बहादरपुर रेलवे फाटक पर ब्रिज बनाने की स्वीकृति दे दी है। पहले इसका बजट 24 करोड़ था, जो अब बढ़कर लगभग 42 करोड़ के आसपास होगा।



उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की फ़ाइल केंद्र सरकार में लंबित है और लोक निर्माण विभाग के सचिव द्वारा पत्राचार किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि तमाम औपचारिकताएँ जल्द पूरी होंगी और निर्माण कार्य शुरू होगा।



