लोहाघाट महाविद्यालय: 36 दिन चले आंदोलन के बाद एबीवीपी छात्रों ने मांगे लेकर ज्ञापन सौंपा

लोहाघाट महाविद्यालय: 36 दिन चले आंदोलन के बाद एबीवीपी छात्रों ने मांगे लेकर ज्ञापन सौंपा

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत। लोहाघाट महाविद्यालय में पिछले 36 दिन से छात्रों और छात्राओं की समस्याओं को लेकर एबीवीपी के बैनर तले आंदोलन जारी था। प्रदेश मीडिया संयोजक विवेक पुजारी, छात्र संघ अध्यक्ष ऋतिक ढेक और कोषाध्यक्ष साहिल अधिकारी के नेतृत्व में यह आंदोलन चल रहा था।

शुक्रवार दोपहर छात्रों ने आक्रोश रैली निकालते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग में धरना भी दिया। देर शाम जिला अधिकारी मनीष कुमार, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक, पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचे।

छात्र नेताओं ने अपनी मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, जिस पर जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने समाधान का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि अपने स्तर से जो भी समस्याएं हल हो सकती हैं, तुरंत हल की जाएंगी और शासन स्तर की मांगों के समाधान के लिए पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने छात्रों से आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद 36 दिनों से चल रहे आंदोलन को छात्रों ने समाप्त कर दिया। छात्रों को जूस पिलाकर सम्मानित किया गया और हर संभव समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया गया।

एबीवीपी प्रदेश मीडिया संयोजक विवेक पुजारी, छात्र संघ अध्यक्ष ऋतिक ढेक और कोषाध्यक्ष साहिल अधिकारी ने कहा कि अगर आश्वासन के बावजूद उनकी मांगे पूरी नहीं हुईं, तो एबीवीपी पदाधिकारी शपथ नहीं लेंगे और आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।

महाविद्यालय प्रशासन ने इस आंदोलन को लोहाघाट महाविद्यालय के इतिहास का सबसे बड़ा आंदोलन करार दिया। छात्रों ने आंदोलन की सफलता के लिए सभी सहयोगियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।