बरसात ने मचाई तबाही: औरंगाबाद-बुग्गावाला मार्ग बाधित, किसानों की फसलें तबाह

बरसात ने मचाई तबाही: औरंगाबाद-बुग्गावाला मार्ग बाधित, किसानों की फसलें तबाह

स्थान : रुड़की

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ अब मैदानी क्षेत्रों में भी कुदरत का करह साफ नजर आ रहा है। लगातार हो रही भारी बारिश से औरंगाबाद-बुग्गावाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानियां चरम पर पहुंच गई हैं।

रसुलपुर की पुलिया बारिश की मार नहीं झेल सकी और टूट गई, जिससे मार्ग का दोनों ओर से संपर्क पूरी तरह से कट गया है। भारी वाहन और चारपहिया वाहन जहां के तहाँ फंसे हैं और मार्ग पर लंबी कतारें लग गई हैं। फिलहाल केवल मोटरसाइकिलों की आवाजाही किसी तरह हो पा रही है।

बारिश का कहर यहीं नहीं थमा—किसानों की करोड़ों रुपये की सब्ज़ी की फसलें जलमग्न हो गईं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है। खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और आगामी दिनों में आजीविका संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोग प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग और पुल की त्वरित मरम्मत की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो क्षेत्र के हजारों लोगों का जीवन पूरी तरह से प्रभावित हो जाएगा।

प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।